Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें निर्माणाधीन फैक्ट्री में काम कर रहे छह श्रमिकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया और जिला प्रशासन को घायलों के इलाज के लिए बेहतर और त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने इस दुःखद घटना पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए परिजनों को यह कठिन समय सहने की शक्ति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
जानकारी के अनुसार हादसा सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र की निर्माणाधीन फैक्ट्री में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब पिलेट्स बनाने वाली यूनिट में काम चल रहा था। अचानक निर्माणाधीन संरचना भरभराकर गिर गई और नीचे काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। इस हादसे में छह श्रमिकों की मृत्यु हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार घायलों की स्थिति गंभीर है और उन्हें हर प्रकार की चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
